पीईटी परीक्षा को लेकर सतर्क रहा जिला प्रशासन, डीएम ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का लिया जायजा, केंद्र व्यवस्थापकों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। रविवार को जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने द्वितीय पाली में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हो रही निगरानी का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने सिविल लाइन स्थित सेन्ट्रल अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा किसान इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश, परीक्षा कक्षों में उपलब्ध व्यवस्थाओं तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए परीक्षा संपन्न कराई जाए तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया। उन्होंने कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी व्यवस्था का अवलोकन करते हुए निर्देश दिया कि परीक्षा कक्षों सहित सभी निर्धारित स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें, जिससे परीक्षा सुचारु, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।