भाजपा नेता मनोज सिंह ने ऊर्जा मंत्री को भेजा पत्रः वंचित क्षेत्रों को शहरी विद्युत व्यवस्था से जोड़ने की मांग
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। नगर पंचायत भानपुर के गठन के बाद भी कई वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों को शहरी विद्युत व्यवस्था का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस समस्या को लेकर भाजपा मण्डल कार्यसमिति सदस्य एवं विधानसभा- 309 रुधौली के मनोज सिंह ने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री को पत्र भेजकर वंचित क्षेत्रों को शहरी विद्युत व्यवस्था से जोड़ने तथा अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की है।
ऊर्जा मंत्री को भेजे पत्र में मनोज सिंह ने कहा है कि नगर पंचायत भानपुर के गठन के बाद कुछ क्षेत्रों को शहरी विद्युत व्यवस्था से जोड़ दिया गया है, जबकि सोनहा, आहार, मंडफ, खैरा, खुटेहना, कड़जहना, नौगढ़वा, बनवधिया, उकड़ा, करमहिया, कोपा, मिश्रौलिया, बनटिकरा और पेलनी सहित कई वार्ड अब भी इस सुविधा से वंचित हैं। इसके चलते स्थानीय नागरिकों को बिजली संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि इस संबंध में पूर्व में भी विभागीय स्तर पर पत्राचार और अधिकारियों से वार्ता की जा चुकी है, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई पूरी नहीं हुई है। नगर पंचायत के गठन के बाद सभी वार्डों को समान रूप से बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
भाजपा नेता मनोज सिंह ने ऊर्जा मंत्री से मांग की है कि संबंधित विद्युत अधिकारियों को क्षेत्रों की समीक्षा कराने, शहरी विद्युत व्यवस्था से वंचित वार्डों को नियमानुसार जोड़ने तथा अधूरे कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए जाएं।
उन्होंने कहा कि इस समस्या का शीघ्र समाधान होने से भानपुर नगर पंचायत के सभी पात्र वार्डों के नागरिकों को बेहतर विद्युत सुविधा मिल सकेगी।