कर्तव्यनिष्ठ जल पुलिस कांस्टेबल नित्यानंद को नया घाट पर दी गई भव्य विदाई, नाविकों और गोताखोरों ने अंगवस्त्र पहनाकर किया सम्मानित

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। धर्मनगरी अयोध्या के प्रमुख नया घाट पर जल पुलिस के वरिष्ठ कांस्टेबल नित्यानंद के स्थानांतरण पर एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। अपने सेवाकाल के दौरान उत्कृष्ट कार्यकुशलता, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण को देखते हुए स्थानीय नागरिकों, जल पुलिस के जवानों, नाविकों और गोताखोरों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। नया घाट चौकी परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुँचे मुकेश भाई सहित जल पुलिस के सभी कर्मचारियों, स्थानीय नाविकों और गोताखोरों ने वरिष्ठ कांस्टेबल नित्यानंद को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उपस्थित वक्ताओं ने सरयू नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जल पुलिस की मुस्तैदी और आपातकालीन बचाव कार्यों में नित्यानंद की त्वरित निर्णय क्षमता व कार्यकुशलता की जमकर सराहना की। इस अवसर पर स्थानीय निवासियों ने कहा कि नित्यानंद जी ने अपने कार्यकाल के दौरान जिस सेवाभाव और तत्परता के साथ नया घाट पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है, वह सराहनीय है। सरयू तट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मार्गदर्शन में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
विदाई समारोह के अंत में सभी ने नम आँखों से उनके उज्ज्वल भविष्य और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए उन्हें विदा किया। इस दौरान नया घाट क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक, गोताखोर संघ के पदाधिकारी, नाविक और जल पुलिस के कई जवान मौजूद रहे।