पीईटी परीक्षा को लेकर मुस्तैद रहा जिला प्रशासन, डीएम-एसपी ने तीन केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

पीईटी परीक्षा को लेकर मुस्तैद रहा जिला प्रशासन, डीएम-एसपी ने तीन केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

 

नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, सीसीटीवी से लेकर पेयजल व सुरक्षा व्यवस्था तक परखी

 

आठ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई परीक्षा, प्रथम पाली में 2952 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2423 ने दी परीक्षा, 82.08 प्रतिशत रही उपस्थिति

 

जितेन्द्र पाठक

 

खलीलाबाद, संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था से लेकर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

 

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने खलीलाबाद स्थित मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, एचआर पीजी कॉलेज तथा पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पहुंचकर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाएं परखीं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों, अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति तथा सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन कराया जाए।

 

डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। परीक्षा केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ न लगने दी जाए तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क निगरानी रखी जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।

 

अधिकारीद्वय ने कहा कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें। परीक्षा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी प्रकार की गड़बड़ी अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश भी दिए गए।

 

आठ केंद्रों पर परीक्षा, 82.08 प्रतिशत रही उपस्थिति

 

जनपद में पीईटी-2026 की लिखित परीक्षा कुल आठ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। सूचना विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार प्रथम पाली में कुल 2952 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2423 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया, जबकि 529 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार प्रथम पाली में अभ्यर्थियों की कुल उपस्थिति 82.08 प्रतिशत दर्ज की गई।

 

परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकलविहीन और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी लगातार सक्रिय रहे।