पीईटी परीक्षा को लेकर डीएम और एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
तीन परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने प्रथम पाली में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा संचालन, अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हो रही निगरानी का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने एएसएचएस एवं जीआरएस इंटर कॉलेज, खैर इंडस्ट्रियल इंटर कॉलेज तथा इंदिरा गांधी इंटर कॉलेज कप्तानगंज स्थित परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश की व्यवस्था, परीक्षा कक्षों की स्थिति तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
दोनों अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही संपन्न कराई जाए। अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा की व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और कैमरों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों में की जा रही निगरानी व्यवस्था को परखा। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा कक्षों सहित सभी निर्धारित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाए, जिससे परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनी रहे।

जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
वहीं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके। प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।