पीईटी-2026 की द्वितीय पाली की परीक्षा का डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण
परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था परखी; निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा कराने के दिए निर्देश
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 की द्वितीय पाली को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार, 30 अक्टूबर को जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान दोनों अधिकारियों ने गन्ना विकास इंटर कॉलेज मुंडेरवा तथा श्री देशराज नारंग दयानंद इंटर कॉलेज, वाल्टरगंज स्थित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और सीसीटीवी कंट्रोल रूम में पहुंचकर व्यवस्थाओं को परखा।
जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

वहीं, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक सतर्कता बरती गई।