कृषि विज्ञान केंद्र में हुआ पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का सजीव प्रसारण
155 कृषकों एवं महिला किसानों ने कार्यक्रम में लिया हिस्सा, प्रगतिशील किसानों को किया गया सम्मानित
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के हस्तांतरण कार्यक्रम का शुक्रवार को कृषि विज्ञान केंद्र, बस्ती में सजीव प्रसारण किया गया। गुजरात के बनासकांठा से प्रसारित इस कार्यक्रम में जनपद के लगभग 155 कृषकों एवं महिला किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता एवं इसके महत्व की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष वरुण पाण्डेय उपस्थित रहे। इसके अलावा कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी एवं वैज्ञानिकगण, संयुक्त कृषि निदेशक राम बचन राम, उप कृषि निदेशक अशोक कुमार सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर कृषि क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों अवनींद्र कुमार दुबे एवं राजेंद्र सिंह तथा महिला किसान श्रीमती संजू और श्रीमती रेनू सिंह को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत कृषि प्रचार वाहन को अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस वाहन के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी योजनाओं, आधुनिक तकनीकों एवं खेती को लाभकारी बनाने के उपायों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनपद के कृषकों एवं महिला किसानों को केंद्र और प्रदेश सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा कृषि एवं ग्रामीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. पीके मिश्रा, हरिओम मिश्रा, आरवी सिंह, विनोद बहादुर सिंह, डॉ. अंजलि वर्मा सहित केंद्र के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।