स्वामी दयानंद विद्यालय में महर्षि दयानंद सरस्वती जी की 143वीं पुण्यतिथि पर भव्य यज्ञानुष्ठान एवं विचार गोष्ठी आयोजित

स्वामी दयानंद विद्यालय में महर्षि दयानंद सरस्वती जी की 143वीं पुण्यतिथि पर भव्य यज्ञानुष्ठान एवं विचार गोष्ठी आयोजित

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। पूरी दुनिया को वेदों की ओर लौटो का नारा देने वाले महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती की 143वीं पुण्यतिथि ऋषि निर्वाण दिवस के पावन अवसर पर सुरतीहट्टा स्थित स्वामी दयानंद पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में भव्य यज्ञानुष्ठान, वेद पाठ तथा विचार गोष्ठी का आयोजन अपार श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, आर्य समाज के पदाधिकारियों तथा विद्यालय के शिक्षकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुसार देवयज्ञ (हवन) एवं वेद पाठ से हुआ। ओमप्रकाश आर्य प्रधान, आर्य समाज नई बाजार, बस्ती के सानिध्य में उच्चारित विशेष वैदिक मंत्रों के मध्य उपस्थित संभ्रांत जनों एवं शिक्षार्थियों ने राष्ट्र कल्याण, समाज सुधार और ज्ञान के प्रकाश के प्रसार हेतु यज्ञ कुंड में आहुतियां अर्पित कीं।

यज्ञ के पश्चात विचार गोष्ठी में अपने विचार व्यक्त करते हुए मुख्य वक्ता ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती केवल एक सन्यासी नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के महान वैचारिक क्रांतिद्रष्टा थे। उन्होंने ऐसे समय में ‘वेदों की ओर लौटो’ का आह्वान किया जब समाज कुरीतियों और अंधविश्वास से ग्रसित था। उन्होंने कहा कि आज का हवन केवल अग्नि में आहुति नहीं, बल्कि उनके विचारों को जीवन में उतारने का संकल्प है। स्वामी जी ने ‘कृण्वन्तो विश्वमार्यम्’ का संदेश देते हुए जात-पात, छुआछूत का घोर विरोध और स्त्री शिक्षा का समर्थन किया। उनकी महान रचना ‘सत्यार्थ प्रकाश’ आज भी मानव समाज का सबसे सशक्त मार्गदर्शक ग्रंथ है।

शिक्षकों ने उपस्थित जनों से स्वामी जी के 5 प्रमुख नियमों जैसे सत्य बोलना, प्रतिदिन हवन व योग करना, बड़ों का सम्मान करना, नशे से दूर रहना और पढ़ाई को पूजा समझना, को अपने आचरण में आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी लोगों के मध्य प्रसाद वितरण किया गया तथा शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर आदित्य नारायण गिरि, गरुण ध्वज पाण्डेय, अनूप कुमार त्रिपाठी, दिनेश कुमार मौर्य, अरविन्द श्रीवास्तव, नितीश कुमार, अनीशा मिश्रा, महिमा, स्वप्नल विश्वकर्मा, महक मिश्रा शिवांगी गुप्ता, अंशिका पाण्डेय, ज्योति सोनी तथा आर्य समाज से जुड़े अनेक संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।