निपुण भारत मिशन की प्रभावी प्रगति के लिए जिला स्तरीय स्ट्रैटेजिक टास्कफोर्स की बैठक आयोजित
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभागार में जिला स्तरीय निपुण स्ट्रैटेजिक टास्कफोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निपुण भारत मिशन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की प्रगति, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला समन्वयक निपुण आलोक त्रिपाठी, खंड शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र त्रिपाठी,प्रभात श्रीवास्तव एसआरजी अंगद पाण्डेय सहित अकादमिक रिसोर्स पर्सन बालमुकुंद, अंकित सिंह,शालू सिंह, अनुराग श्रीवास्तव, सी एस एफ से कृतज्ञा कृति व सरस्वती एवं रूम टू रीड से अमित कुमार उपस्थित रहे।
बैठक में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से तुलनात्मक आंकड़े प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों ने पूर्व बैठकों में निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए विद्यालय स्तर पर निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति की स्थिति पर चर्चा की।
बैठक में बताया गया कि कक्षा-2 के बच्चों के अधिगम स्तर को मापने के लिए 37 विद्यालयों में 179 बच्चों के भाषा एवं गणित का आकलन पायलट प्रोजेक्ट के रूप में कराया गया। इन आंकड़ों के आधार पर बच्चों के अधिगम में अपेक्षित सुधार के लिए विद्यालय स्तर पर विशेष रणनीति तैयार करने पर जोर दिया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने निर्देशित किया कि निपुण भारत मिशन के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं एवं गतिविधियों को विभागीय प्रोटोकॉल के अनुसार टाइम एंड मोशन को ध्यान में रखते हुए प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। साथ ही प्राप्त आंकड़ों के आधार पर कमजोर अधिगम क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक शैक्षणिक सहयोग एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आगामी कार्ययोजना के तहत ब्लॉक एवं विद्यालय स्तर पर आंकड़ों की समीक्षा, प्रशिक्षण की प्रभावशीलता, एमजीएमएल (Multi Grade Multi Level) शिक्षण व्यवस्था तथा एआरपी द्वारा फोकस्ड विद्यालयों के भ्रमण की वास्तविक स्थिति पर भी चर्चा की गई।अधिकारियों ने निपुण लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सामूहिक प्रयास और नियमित अनुश्रवण को आवश्यक बताया।