महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडे ‘पवन’ ने बुधवार को मानवीय संवेदना प्रकट करते हुए कैंसर बीमारी से जूझ रहे और कैंसर से जान गंवा चुके पार्टी के दो बूथ प्रभारियों के परिवारों से मुलाकात कर उन्हें आर्थिक मदद प्रदान की। पूर्व मंत्री ने महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के साथ पीड़ितों के घर पहुंचकर कुल 75,000 रुपये की सहायता राशि सौंपी। पूर्व मंत्री पवन पांडे सबसे पहले मकबरा निवासी बूथ प्रभारी साबिर हुसैन (45) पुत्र सरवर हुसैन के आवास पर पहुंचे। साबिर हुसैन पिछले कुछ समय से कैंसर की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और उनके परिवार में तीन छोटे बच्चे हैं। पूर्व मंत्री ने उनसे मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और इलाज में सहयोग के रूप में ₹25,000 की नकद आर्थिक मदद की। इसके बाद वे नया घाट, अयोध्या धाम निवासी बूथ प्रभारी स्व. दर्शन यादव (40) पुत्र जवाहिर यादव के निवास पर पहुंचे। हाल ही में दर्शन यादव का कैंसर से निधन हो गया था। उनके पीछे बुजुर्ग मां, पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। पूर्व मंत्री ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिजनों को ₹50,000 की आर्थिक सहायता दी। इस दौरान परिजनों को सांत्वना देते हुए पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडे पवन ने कहा, “यह समय पीड़ित परिवारों के लिए बेहद कठिन है। समाजवादी पार्टी हर सुख-दुख में अपने कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। भविष्य में भी इन दोनों परिवारों को जिस किसी भी प्रकार की आवश्यकता होगी, पार्टी उनकी हर संभव मदद करेगी।”सपा प्रवक्ता राकेश यादव (एडवोकेट) ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मौके पर महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, महासचिव हामिद जाफर मीसम, उपाध्यक्ष चौधरी श्री चंद यादव, प्रवक्ता राकेश यादव, वीरेंद्र गौतम, फरीद कुरैशी समेत पार्टी के कई अन्य प्रमुख पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।