श्रीमद्भागवत कथा से मानव जीवन का होता है कल्याण: कुम्हिया में भक्तिमय माहौल के बीच शुरू हुआ ज्ञान यज्ञ महोत्सव

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। जनपद अयोध्या के कुम्हिया (रसूलाबाद) में डॉ. शरद सिंह, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती रमा सिंह एवं पूज्य पिताजी श्री राजेन्द्र बहादुर सिंह द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं गरिमामय वातावरण में हुआ। कथा के प्रथम दिन से ही पूरा क्षेत्र भक्तिमय भजनों और व्यासपीठ के पावन भजनों से गुंजायमान हो उठा है। श्री अयोध्या धाम से पधारे सुप्रसिद्ध कथा वाचक श्री ज्ञान चंद्र द्विवेदी जी महाराज ने व्यासपीठ से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा की अम्रत वर्षा करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह मानव जीवन को सही दिशा देने और मोक्ष प्रदान करने का परम माध्यम है। भागवत कथा का श्रवण करने मात्र से मनुष्य के जन्म-जन्मांतर के पाप मिट जाते हैं और उसमें सत्संग व भक्ति के भाव जागृत होते हैं। इस पावन धार्मिक अनुष्ठान एवं ज्ञान यज्ञ महोत्सव में क्षेत्र के अनेक गणमान्य एवं प्रतिष्ठित लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्री अजीत सिंह (मास्टर जी), रणजीत सिंह, रणविजय सिंह (कुम्हिया), रणविजय सिंह (भदौली), मनीष सिंह (बीनू), रविन्द्र सिंह (कोषाध्यक्ष) आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे और कथा का रसपान कर पुण्य के भागी बने। आयोजक परिवार डॉ. शरद सिंह, श्रीमती रमा सिंह एवं श्री राजेन्द्र बहादुर सिंह ने कथा में पधारे सभी श्रद्धालुओं व अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत एवं अभिनंदन किया। कथा के दौरान पूरा कुम्हिया रसूलाबाद क्षेत्र “जय श्री राम” और “बांके बिहारी लाल की जय” के जयकारों से गुंजायमान रहा। कथा के समापन पर आरती कर श्रद्धालुओं में महाप्रसाद का वितरण किया गया।