मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम तथा मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इसके तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने, पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थापन की प्रक्रिया 02 नवंबर 2026 तक पूरी की जानी है। एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 12 नवंबर को होगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को निर्धारित है।
बैठक में मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण तथा नए मतदेय स्थल स्थापित करने के लिए उपयुक्त भवनों को चिह्नित करने पर भी चर्चा हुई। 16 से 18 अक्टूबर तक राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे। 19 अक्टूबर को मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची प्रकाशित कर आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। सूची की प्रति मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 अक्टूबर को वर्तमान सांसद, विधानसभा सदस्यों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों का निस्तारण किया जाएगा तथा सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को सभी आवश्यक संलग्नकों सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव अनुमोदन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजा जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी प्रद्युम्न कुमार, हिमांशु कुमार, उमाकान्त तिवारी, शशीबिन्द, तहसीलदार विनय प्रभाकर, अभय राज पाल, रजनीश कुमार श्रीवास्तव, पंकज कुमार गुप्ता, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, संबंधित निर्वाचन अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।