गोलवाघाट से झिंगहाघाट तक मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य की एक सप्ताह में दूर होंगी सभी बाधाएं
डीएम ने अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण, सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल बाधा दूर करने के दिये निर्देश
बहराइच 15 अक्टूबर। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने गोलवाघाट से झिंगहाघाट (ओल्ड एन.एच. 0099) के चैनेज 0.000 से 1.850 कि.मी. तक मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण (पेव्ड शोल्डर के साथ 04 लेन) कार्य का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी विभाग लो.नि.वि. निर्माण खण्ड-1 के अधि.अभि. अमर सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि मार्ग की कुल लम्बाई 1.85 किमी.तथा स्वीकृत लागत रू. 3056.40 लाख है, जिसके सापेक्ष रू. 1750.28 लाख के सड़क निर्माण का कार्य निर्माण खण्ड-1, लो0नि0वि0, बहराइच द्वारा तथा शेष रू. 1306.12 लाख की लागत से सरयू नदी पर सेतु का निर्माण उ.प्र. राज्य सेतु निगम, बाराबंकी द्वारा कराया जा रहा है।
अधि.अभि. श्री सिंह ने बताया कि वर्तमान में मेसर्स विशाल कंस्ट्रक्शन द्वारा एन.एच. 927 से तिकोनी बाग चौकी तक पेव्ड शोल्डर के साथ 04 लेन का कार्य कराया जा रहा है, जिसमें मार्ग के बायीं ओर लगभग 700 मीटर जीएसबी तथा 300 मीटर डब्लूएमएन का कार्य पूर्ण है एवं 02 नग लघु सेतु के सब-स्ट्रक्चर का कार्य प्रगति पर पाया गया। वर्तमान में कराये जा रहे कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक है।
कार्य की प्रगति बढ़ाये जाने के सम्बन्ध में श्री सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि वृक्षारोपण आदि का कार्य वन निगम/वन विभाग द्वारा कराया जाना है जिसके कारण उक्त स्थानों पर चौड़ीकरण का कार्य बाधित है। इस सम्बन्ध प्रभागीय वनाधिकारी, बहराइच सुन्दरेशा ने बताया कि 01 सप्ताह के अन्दर समस्त आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर वृक्षों के रोपड़ का कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। डीएम ने डीएफओ को निर्देशित किया कि वन निगम से समन्वय स्थापित कर विलम्बतम 01 सप्ताह के भीतर समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कराकर वृक्ष पातन का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान कतिपय स्थानों पर विद्युत पोल एवं किसान डिग्री कॉलेज तिराहा पर स्थापित ट्रांसफार्मर मार्ग के चौड़ीकरण में बाधक पाए गए। इस सम्बन्ध में अधि.अभि. विद्युत वितरण खण्ड-1 को निर्देशित किया गया कि युद्धस्तर पर विद्युत पोलों एवं ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग का कार्य अविलम्ब पूर्ण करें, ताकि निर्माण कार्य अनवरत जारी रह सके।
मार्ग के लगभग 250 मीटर लंबाई में नगर पालिका का नाला निर्माण कार्य में बाधक पाया गया। इस सम्बन्ध में अधि.अधि. नगर पालिका परिषद, बहराइ प्रमिता सिंह द्वारा अवगत कराया गया कि नाले की शिफ्टिंग का आगणन शासन स्तर पर लंबित है। स्वीकृति प्राप्त होते ही नाले की शिफ्टिंग का कार्य करा लिया जाएगा। स्वीकृति प्राप्त न होने की स्थिति में उक्त कार्य 15वें वित्त आयोग के अन्तर्गत सम्पादित करा लिया जायेगा। डीएम द्वारा अधिशासी अधिकारी को निर्देशित किया गया कि उक्तानुसार अविलम्ब कार्यवाही सुनिश्चित करें।
किसान डिग्री कॉलेज तिराहा पर स्थापित महाराजा महाराणा प्रताप जी की मूर्ति की गरिमा व सौंदर्य को अक्षुण्ण रखने हेतुअधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। डीएम ने कार्यदायी विभाग को निर्देशित किया कि यह मार्ग जनपद के शहरी क्षेत्र का मुख्य मार्ग है, इसलिए जनसामान्य की सुविधा के दृष्टिगत मौके पर कार्य की गति में तीव्रता लाएं एवं सम्पूर्ण निर्माण कार्य शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं उच्चतम गुणवत्ता के अनुरूप मॉडल सड़क निर्माण कार्य पूर्ण करायें ।
इस अवसर पर उप परियोजना प्रबन्धक इं सुघर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद, अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खण्ड प्रवेश कुमार, सहायक अभियन्ता महेश कुमार वर्मा, सतीश कुमार कामले, अवर अभियन्ता प्रीतम चन्द्र व सुमन कुमार राव व विशाल कंस्ट्रक्शन एस.बी. सिंह सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः