प्रधानाध्यापक ने 113 बच्चों को भेंट किए निःशुल्क स्कूल बैग

प्रधानाध्यापक ने 113 बच्चों को भेंट किए निःशुल्क स्कूल बैग

 

-जनप्रतिनिधियों ने की अभिभावकों से बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने की अपील

 

लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। बनकटी ब्लॉक के कन्या प्राथमिक विद्यालय मुंडेरवा में प्रधानाध्यापक उमाकांत शुक्ल ने अपने सौजन्य से 113 बच्चों को निःशुल्क स्कूल बैग वितरित किए। बैग पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। इस पहल की अतिथियों ने सराहना करते हुए इसे बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने वाला कदम बताया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानाध्यापक द्वारा सभी 113 बच्चों को निःशुल्क बैग उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें निखारने और उचित अवसर देने की है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की। खंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार यादव ने कहा कि बैग मिलने से बच्चों को पढ़ाई में सहूलियत होगी। सरकार की ओर से परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को नियमित विद्यालय भेजें और उनकी पढ़ाई पर ध्यान दें। थाना प्रभारी विश्व मोहन राय और प्राथमिक शिक्षक संघ बनकटी के ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश गौड़ ने कहा कि अभिभावकों की देखरेख और सहयोग से ही बच्चों को सही दिशा मिलती है। सरकारी विद्यालयों में योग्य शिक्षक हैं। बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होने पर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। उन्होंने अभिभावकों से शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। प्रधानाध्यापक उमाकांत शुक्ल ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी बच्चों के हित में कार्य किए जाते रहेंगे। साथ ही अभिभावकों से अपने बच्चों का प्रवेश परिषदीय विद्यालयों में कराने की अपील की।

कार्यक्रम का संचालन सतीश यादव ने किया। इस अवसर पर मोहम्मद असलम, मक्खन लाल, हृदय विकास पांडेय, आलोक नाथ वर्मा, दुर्गेश सोनी, योगेंद्र सिंह, श्रीराम पाठक, छाया जायसवाल, सुभाष चंद, निधि चतुर्वेदी, एआरपी सूर्य नारायण चतुर्वेदी, सभासद सचिन चौधरी और विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष शिव लखन सहित अनेक लोग मौजूद रहे।