विशेष रोजगार सृजन दिवस के अन्तर्गत समस्त ग्राम पंचायतों में श्रमिकों को नियोजित कर उपलब्ध कराया गया रोजगार
30197 मानव दिवस का सृजन कर प्रदेश में अववल रहा बहराइच
बहराइच 12 अक्टूबर। उपायुक्त श्रम रोज़गार ने बताया कि जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर जनपद में 12 अक्टूबर, 2026 को विशेष रोजगार सृजन दिवस अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत जनपद के लिए निर्धारित लक्ष्य 93,870 मानव दिवस के सापेक्ष जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में श्रमिकों को नियोजित कर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही की गई। अभियान के सफल संचालन हेतु कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए छाया, पेयजल, मेडिकल किट, सूचना बोर्ड, श्रमिक पंजीकरण एवं जलपान सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कराई गईं, जिससे श्रमिकों को कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।
अभियान की सतत निगरानी एवं प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए समस्त विकासखंडों में संबंधित बीडीओ को नोडल अधिकारी के रूप में नामित किया गया है। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक विकासखंड में जनपद स्तरीय अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी के रूप में नामित किया गया है, ताकि अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा सके। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने हेतु समस्त बीडीओ को अपने-अपने विकासखंड की ग्राम पंचायतों में भ्रमण एवं निरीक्षण कर श्रमिकों की सहभागिता बढ़ाने तथा निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता एवं उपायुक्त श्रम रोजगार द्वारा विकासखंड फखरपुर एवं हुजूरपुर में संचालित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अभियान के अंतर्गत चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अभियान में मा. जनप्रतिनिधियों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही।
अभियान के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा कार्यस्थलों का निरीक्षण कर श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, एन.एम.एम.एस ऐप के माध्यम से श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज करने में कुछ तकनीकी समस्याएँ भी सामने आईं, जिनके समाधान हेतु आवश्यक प्रयास किए गए है। अनन्तिम रिपोर्ट के अनुसार जनपद में 30197 मानव दिवस का सृजन किया गया है, जोकि प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः