उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया नवरात्रि का पर्व
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में नवरात्रि का पावन पर्व बच्चों द्वारा बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवमय रहा। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल जी एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या शशि प्रभा त्रिपाठी जी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। दोनों ने माँ दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक विनय शुक्ल जी ने बच्चों को नवरात्रि पर्व के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों में भारतीय परंपराओं, संस्कारों एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएँ दीं।
वहीं, प्रधानाचार्या शशि प्रभा त्रिपाठी जी ने बच्चों के उत्साह एवं प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया जाता है, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएँ एक-दूसरे को दीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और उत्साह ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।