दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को लेकर डीएम ने हर्रैया बाजार व महू घाट का किया निरीक्षण

दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को लेकर डीएम ने हर्रैया बाजार व महू घाट का किया निरीक्षण

 

सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती, 12 अक्टूबर। दुर्गा पूजा पर्व एवं मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना ने सोमवार को हर्रैया बाजार और महू घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और विसर्जन स्थलों पर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखने पर विशेष जोर दिया। निर्देश दिया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस, क्रेन और नाव की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।

 

डीएम ने घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने और भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। विसर्जन मार्गों एवं घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुगम आवागमन के सभी इंतजाम समय से पूरे किए जाएं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए।

 

विद्युत सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था पर जोर

 

जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा पंडालों में विद्युत सुरक्षा के मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि पंडालों में बिजली के तारों, कनेक्शनों, अस्थायी विद्युत लाइनों और अन्य उपकरणों की जांच कराई जाए। कहीं भी खुले तार या ढीले कनेक्शन न रहें। इसके साथ ही अग्निशमन से संबंधित सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।

 

उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

 

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी प्रद्युम्न कुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस स्वर्णिमा सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत शुभम पांडेय, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत हर्रैया शिव प्रताप सिंह, हर्रैया के चेयरमैन कौशलेंद्र प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।