महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। अयोध्या तीर्थ पुरोहित धर्मायन सेवा ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश महाराज ने शारदीय नवरात्रि के अलौकिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नवरात्रि का पर्व आत्मशुद्धि, भक्ति और शक्ति की उपासना का महापर्व है। राजेश महाराज ने कहा कि इन नौ दिनों में मां भगवती की सच्चे मन से की गई साधना से साधक के जीवन के समस्त कष्ट दूर हो जाते हैं और घर में सुख-शांति तथा समृद्धि का वास होता है। राजेश महाराज ने बताया कि शारदीय नवरात्रि के दौरान जगतजननी मां दुर्गा पृथ्वी लोक पर अपने भक्तों के बीच विराजमान रहती हैं। मां भगवती की असीम कृपा अपने सभी भक्तों पर सदैव बनी रहती है, बस आवश्यकता है तो निष्काम भाव और पूर्ण श्रद्धा से उनकी आराधना करने की। उन्होंने श्रद्धालुजनों से अपील की कि इन पवित्र दिनों में उपवास, उपवास नियमों का पालन, श्री दुर्गा सप्तशती का पाठ तथा सात्विक जीवन शैली अपनाकर मां के दिव्य स्वरूपों का पूजन-अर्चन करें। राजेश महाराज ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं सनातन धर्मावलंबियों के लिए मां भगवती से कल्याण, आरोग्यता और सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।