एसपी ओमवीर सिंह ने हर्रैया और छावनी थाने का किया आकस्मिक निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, महिला एवं साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई और लावारिस वाहनों के निस्तारण पर दिया जोर
लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह ने रविवार को थाना हर्रैया और थाना छावनी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थानों के परिसर, कार्यालय तथा विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अपराध रजिस्टर, निरोधात्मक कार्रवाई रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट रजिस्टर, सक्रिय अपराधी रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की। हाल में हुई घटनाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सतर्कता और सही तरीके से करने की हिदायत दी।
एसपी ने मिशन शक्ति केंद्र एवं हेल्पडेस्क पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को महिला और बाल अपराध से संबंधित मामलों का संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। उन्होंने ‘नारी सुरक्षा, नारी स्वावलंबन’ अभियान के तहत महिलाओं की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, साइबर हेल्पडेस्क पर तैनात कर्मियों को साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने बीट आरक्षियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने तथा संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ बेहतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, आमजन की शिकायतों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण करने पर जोर दिया। थानों के सभी विवेचकों को लंबित मामलों की विवेचना शीघ्र पूरी कर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त, ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत थानों में खड़े लावारिस एवं सीज वाहनों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी हर्रैया, प्रभारी निरीक्षक हर्रैया, प्रभारी निरीक्षक छावनी सहित संबंधित थानों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।