दुर्गा पूजा व दशहरा को लेकर वाल्टरगंज थाने में पीस कमेटी की बैठक
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। आगामी दुर्गा पूजा एवं दशहरा त्योहार को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना वाल्टरगंज परिसर में बुधवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार राय की अध्यक्षता में हुई।
पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह के आदेश एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर मानसी के पर्यवेक्षण में आयोजित बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं, दुर्गा पूजा पंडाल एवं आयोजन समितियों के पदाधिकारियों, रामलीला समिति के सदस्यों तथा डिजिटल वालंटियर्स ने भाग लिया।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से त्योहारों को परंपरागत एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। स्पष्ट किया गया कि परंपरा से हटकर कोई नया आयोजन अथवा जुलूस के मार्ग में परिवर्तन न किया जाए। पूजा पंडालों में अग्निशमन के पर्याप्त इंतजाम, बालू-पानी की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे तथा वालंटियर्स की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीजे एवं लाउडस्पीकर के संबंध में शासन तथा न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही शस्त्र प्रदर्शन, अश्लील एवं भड़काऊ गीतों तथा अफवाह फैलाने पर पूरी तरह प्रतिबंध की जानकारी दी गई।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा शांति भंग करने वाली पोस्ट प्रसारित न करने की अपील करते हुए संदिग्ध गतिविधि या सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस, सीयूजी नंबर अथवा 112 पर सूचना देने को कहा। प्रतिमा विसर्जन के दौरान सभी आयोजकों एवं संभ्रांत नागरिकों से नशामुक्त विसर्जन कराने की अपील की गई।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा दुर्गा पूजा एवं दशहरा का पर्व आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान थाना वाल्टरगंज के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।