सुपोषित बस्ती अभियान के तहत आयोजित हुआ पोषण मिलन एवं पोषण संवाद कार्यक्रम
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा सुपोषित बस्ती अभियान के तहत पोषण मिलन एवं पोषण संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभागीय प्रदर्शनी के साथ निर्धारित थीम पर आधारित विभिन्न स्टॉल लगाए गए। साथ ही हस्ताक्षर अभियान, पोषण सेल्फी, पोषण व्यंजन प्रदर्शनी एवं लाइव डेमो आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने अनुपूरक पोषाहार से तैयार किए जाने वाले विभिन्न व्यंजनों का लाइव प्रदर्शन किया। इसके अलावा हॉट कुक्ड मील के अंतर्गत तहरी तैयार कर प्रतिभागियों को पौष्टिक भोजन के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में और अधिक मेहनत करने की अपील की। उन्होंने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने भी अभियान के माध्यम से बस्ती को कुपोषण मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयास समाज की दिशा बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विधायक हर्रैया अजय सिंह ने प्रदेश सरकार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के हित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए भविष्य में भी उनके हितों का ध्यान रखने का आश्वासन दिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने आईसीडीएस विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर आयोजित किए जाने पर जोर दिया। वहीं ब्लॉक प्रमुख संघ के अध्यक्ष यशकान्त सिंह ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं लाभार्थियों से अपने गांव और समाज को कुपोषण मुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पांच गर्भवती महिलाओं एवं पांच बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में चयनित 10 बच्चों एवं उनके अभिभावकों को उपहार तथा मुख्यमंत्री स्तर से हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बेहतर कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं क्षेत्रीय मुख्य सेविकाओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और अन्य प्रतिभागियों को फर्श पर बैठाकर कार्यक्रम कराया गया तथा सभी को वहीं फर्श पर पोषण भोज कराया गया। इस दौरान आकर्षक रंगोली भी सजाई गई। पोषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के तहत नवाचार के रूप में पोषण मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं, लाभार्थी, मुख्य सेविकाएं, बाल विकास परियोजना अधिकारी, आईसीडीएस विभाग के कार्मिक तथा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।