संत तुलसीदास घाट से 10 अक्टूबर को निकलेगी 26वीं भव्य कलश यात्रा

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या केंद्रीय दुर्गा पूजा रामलीला समन्वय समिति के तत्वावधान में आगामी 10 अक्टूबर को 26वीं कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को लेकर समिति के पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
समिति के प्रवक्ता भानु प्रताप सिंह और कलश यात्रा प्रभारी बिंदु सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने अयोध्या के मेयर महंत गिरीशपति त्रिपाठी से मुलाकात कर उन्हें इस यात्रा में सम्मिलित होने के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया।
दोपहर 3:30 बजे से होगी शुरुआत पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि पिछले 25 वर्षों से महिलाओं और बहनों द्वारा निकाली जा रही इस ऐतिहासिक कलश यात्रा का यह 26वां वर्ष है। यह यात्रा 10 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे संत तुलसीदास घाट से आरंभ होगी। यात्रा के दौरान श्री तिवारी मंदिर पर हर वर्ष की भांति इस बार भी मेयर महंत गिरीशपति त्रिपाठी द्वारा आरती और पुष्पवर्षा की जाएगी। मेयर ने इस पारंपरिक व्यवस्था को सुचारू रूप से सुनिश्चित करने का पूर्ण आश्वासन दिया है। दुर्गा पूजा समितियों की समस्याओं पर चर्चा
मुलाकात के दौरान पंचकोसी परिक्रमा क्षेत्र में माता दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना को लेकर दुर्गा पूजा समितियों के सामने आने वाली विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तार से मंथन हुआ। समिति ने मेयर को जमीनी दिक्कतों से अवगत कराया। मेयर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने सभी समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा देते हुए कहा कि जल्द ही सभी दुर्गा पूजा समितियों की एक बैठक बुलाई जाएगी। इस बैठक में समितियों की कठिनाइयों को सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस सिलसिले में उन्होंने केंद्रीय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल से दूरभाष पर बातचीत भी की।