जन-जन तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य : महापौर

-लोक कल्याण मेले में दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। सेवा सेतु अभियान के तहत केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम की ओर से गुरुवार को बेगमगंज गढ़ैया में लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
लोक कल्याण मेले में उद्यान, पशुपालन, कृषि, आयुर्वेद एवं यूनानी, परिवहन, बेसिक शिक्षा, समग्र शिक्षा, श्रम एवं सेवायोजन, महिला कल्याण सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टाल लगाए। यहां लोगों को सरकारी योजनाओं, पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पेंशन योजना एवं गृह कर-जलकर संबंधी मसलों के निस्तारण के लिए आवेदन भी प्राप्त किए गए। अन्य कई योजनाओं के लिए पंजीकरण और आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
मेले में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष कैंप लगाया गया। श्रम विभाग के शिविर में श्रमिकों के पंजीकरण एवं सेवायोजन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई। महिला कल्याण विभाग की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग ने प्राथमिक उपचार केंद्र के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं और परामर्श उपलब्ध कराया।
नगर निगम की ओर से लगाए गए स्टाल पर रेहड़ी-पटरी एवं प्राथमिक विक्रेताओं के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को कागजों तक सीमित रखने के बजाय सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना है।
महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। इस दौरान पार्षद धर्मेंद्र मिश्र, भाजपा मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर, सचिन शरीन, नगर निगम के जोनल अधिकारी सुभाष त्रिपाठी, लालबहादुर निषाद, चेतन गुप्ता, विजय गौतम, स्वप्निल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पाण्डेय ने बताया कि इस मौके पर चौपाल लगाकर महापौर ने जन समस्याओं का भी निस्तारण कराया।