मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

 

चार चोरी की बाइक, 10 मोटरसाइकिलों के इंजन नंबर प्लेट व पुर्जे और पिकअप बरामद

 

लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। थाना कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें काटकर अलग-अलग पार्ट्स बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिल, 10 मोटरसाइकिलों के इंजन नंबर प्लेट व अन्य पुर्जे तथा घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन बरामद किया है।

 

पुलिस के अनुसार, 6/7 अक्टूबर की रात कोतवाली पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मूड़घाट पंचायत भवन के पास दो मोटरसाइकिलों और एक पिकअप वाहन के साथ संदिग्ध तीन व्यक्तियों को रोककर जांच की गई। तलाशी के दौरान दोनों मोटरसाइकिलों के अलावा पिकअप में लदी दो अन्य मोटरसाइकिलें भी चोरी की पाई गईं। पिकअप की बॉडी से 10 मोटरसाइकिलों के इंजन नंबर प्लेट और अन्य पुर्जे बरामद हुए।

 

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राजू गुप्ता पुत्र बिलगु राम निवासी मुबारकपुर, थाना कोतवाली टांडा, जनपद अंबेडकरनगर, राजेश कुमार पुत्र घनश्याम गुप्ता निवासी नगर बाजार, थाना नगर, बस्ती तथा रंगीलाल गुप्ता पुत्र रामअवध गुप्ता निवासी एकसड़ा, थाना नगर, बस्ती बताया।

 

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे शहर और आसपास के क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद ग्राइंडर मशीन से उन्हें काटकर अलग-अलग पार्ट्स में बदल देते थे। इसके बाद पुर्जों को कबाड़ के कारोबार की आड़ में बेचते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि चोरी के अधिकांश पार्ट्स नेपाल ले जाकर बेचते थे। पुलिस के अनुसार घटना के समय भी आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों और उनके पार्ट्स को पिकअप में लादकर नेपाल ले जाने की तैयारी में थे।

 

पुलिस ने तीनों आरोपियों को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया। मामले में कोतवाली थाने में मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित पांच मुकदमे दर्ज हैं।

 

गिरफ्तार आरोपी राजू गुप्ता के विरुद्ध पूर्व में चोरी, माल बरामदगी, घर में चोरी, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। वहीं राजेश कुमार और रंगीलाल गुप्ता के विरुद्ध भी मोटरसाइकिल चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।

 

पुलिस ने बताया कि जनपद के कबाड़ कारोबारियों और कबाड़ की दुकानों की भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान चोरी अथवा आपत्तिजनक सामान मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बृजानन्द सिंह, चौकी प्रभारी बड़ेबन उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह, चौकी प्रभारी जेल गेट उपनिरीक्षक बलिराम गौड़, चौकी प्रभारी सिविल लाइन उपनिरीक्षक रतीश चंचल पाण्डेय तथा हेड कांस्टेबल शैलेश शर्मा, कांस्टेबल देवेन्द्र गुप्ता, आदित्य वर्मा, विजय यादव, आदित्य पाल, राजू यादव और मुकेश साहनी शामिल रहे।