साइबर अपराध से बचाव को एपीएन महाविद्यालय में जागरूकता अभियान, ठगी के 19,155 रुपये वापस

साइबर अपराध से बचाव को एपीएन महाविद्यालय में जागरूकता अभियान, ठगी के 19,155 रुपये वापस

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर क्राइम थाना बस्ती पुलिस द्वारा बुधवार को एपीएन महाविद्यालय में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर ठगी से बचने के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।

 

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सचेत किया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, ATM/डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड की जानकारी, CVV, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, किसी के कहने पर अपरिचित QR कोड स्कैन करने तथा अनजान व्यक्ति के साथ स्क्रीन शेयर करने से भी बचने की सलाह दी गई।

 

पुलिस ने साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने तथा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत करने की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी के मामलों में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है, इसलिए पीड़ित को बिना देरी किए शिकायत करनी चाहिए। थाना स्तर पर स्थापित 24×7 साइबर हेल्प डेस्क की सुविधा तथा थाना कोतवाली का CUG नंबर 7839876672 भी उपलब्ध कराया गया।

 

यह अभियान पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के दिशा-निर्देशन, क्षेत्राधिकारी साइबर कुलदीप यादव के पर्यवेक्षण तथा साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक विजय नारायण मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

 

साइबर ठगी के 19,155 रुपये कराए वापस

 

वहीं, साइबर ठगी के एक मामले में बस्ती पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के 19,155 रुपये वापस करा दिए। मुरलीजोत निवासी रामनरेंद्र पुत्र बनवारी लाल के साथ साइबर ठगी की शिकायत प्राप्त होने पर साइबर सेल थाना कोतवाली की टीम ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर ठगी की धनराशि को समय रहते लीन/होल्ड कराया।

 

आवश्यक विधिक एवं तकनीकी कार्रवाई के बाद पूरी 19,155 रुपये की धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने थाना कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल टीम का आभार जताया।

 

पुलिस ने आमजन से अपील की कि डिजिटल लेनदेन करते समय सतर्क रहें और साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें।