पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए वामा सारथी ने लगाया स्वास्थ्य शिविर

पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए वामा सारथी ने लगाया स्वास्थ्य शिविर

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। रिजर्व पुलिस लाइन्स, बस्ती में रविवार को उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (वामा सारथी) की ओर से आयुष विभाग उत्तर प्रदेश के सहयोग से एलोपैथिक एवं होम्योपैथिक मेडिकल कैंप और वामा वेलनेस कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों को स्वास्थ्य सुरक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा।

 

वामा सारथी अध्यक्षा बस्ती एवं पुलिस अधीक्षक की पत्नी श्रीमती प्रियंका सिंह के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/नोडल अधिकारी वामा सारथी बस्ती सुश्री मानसी दहिया के पर्यवेक्षण में आयोजित शिविर में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

 

शिविर में जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों द्वारा पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया। इस दौरान शुगर, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की गईं। चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों की कठिन ड्यूटी और अनियमित जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी।

 

शिविर के दौरान आई ड्रॉप सहित जलने, कटने तथा अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं में उपयोगी एलोपैथिक एवं होम्योपैथिक दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से पुलिस परिवार की महिलाओं, बच्चों और युवाओं के स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित किया गया।

 

वामा सारथी की ओर से बताया गया कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए इस तरह के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे पुलिस परिवार स्वस्थ एवं सशक्त रह सके।

 

इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक बस्ती, प्रभारी वामा सारथी, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे।