बड़ौचा में आयोजित हुआ बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

बड़ौचा में आयोजित हुआ बहू-बेटी सम्मेलन, महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर एंटी रोमियो स्क्वाड एवं मिशन शक्ति पुलिस टीम द्वारा थाना कोतवाली क्षेत्र के विकासखंड सांऊघाट स्थित ग्राम बड़ौचा में रविवार को बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया।

 

पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में आयोजित सम्मेलन में महिलाओं, बहुओं एवं बालिकाओं को महिला सशक्तिकरण, आत्मरक्षा के उपाय, गुड टच-बैड टच, सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसके साथ ही महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानूनों एवं उनके अधिकारों के बारे में भी जागरूक किया गया।

 

पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है। इनमें वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, आपातकालीन पुलिस सेवा 112 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 प्रमुख हैं।

 

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी समस्या के समय बिना डर या संकोच के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों और उपलब्ध सहायता तंत्र की जानकारी देकर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना रहा।