जापान के नागोया विश्वविद्यालय में असिस्टेण्ट प्रोफेसर बने अनूप

जापान के नागोया विश्वविद्यालय में असिस्टेण्ट प्रोफेसर बने अनूप
-गांव से जापान तक पहुंची प्रतिभा, शैक्षणिक उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष

लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

बस्ती। विकास खंड हर्रैया के समौड़ा कला गांव निवासी अनूप कुमार शुक्ल ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और शैक्षणिक उपलब्धियों के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनका चयन जापान के प्रतिष्ठित नागोया विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
अनूप ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की शिक्षा गजाधर सिंह अंगद सिंह एकेडमी, हर्रैया से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बीटेक और एमटेक गौतम बुद्ध टेक्निकल यूनिवर्सिटी, नोएडा से किया। उच्च शिक्षा के क्रम में उन्होंने आईआईटी पटना से पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद अपनी शैक्षणिक एवं शोध प्रतिभा के बल पर उन्होंने जापान के नागोया विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में चयन हासिल किया। अनूप के पिता पशुपति नाथ शुक्ल और माता किरन शुक्ला दोनों सरकारी शिक्षक हैं। शिक्षित एवं शैक्षणिक परिवेश में पले-बढ़े अनूप ने अपनी मेहनत से परिवार की शैक्षणिक परंपरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है। उनकी छोटी बहन श्वेता शुक्ला भी राजकीय आईटीआई, पटना में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। उनके चचेरे भाई अरुण कुमार शुक्ल राजकीय पॉलिटेक्निक, अयोध्या में प्रवक्ता हैं, जबकि भाभी अर्चना शुक्ला शिक्षिका हैं। अनूप के चयन की खबर मिलते ही समौड़ा कला गांव सहित हर्रैया क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई दी। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से हर्रैया विधायक अजय सिंह, गजाधर सिंह अंगद सिंह एकेडमी के प्रधानाचार्य सुभाष चंद्र त्रिपाठी, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष रवीश कुमार मिश्र, विकास अधिकारी प्रेम शंकर ओझा, पंकज सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे। शुभचिंतकों ने कहा कि छोटे से गांव से निकलकर जापान के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय में अध्यापन का अवसर हासिल करना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि है। परिवार के लोगों ने अनूप की सफलता का श्रेय उनकी निरंतर मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण को दिया। उनकी उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि गांव और क्षेत्र का नाम भी अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक पटल पर गौरवान्वित हुआ है।