एंटी रोमियो अभियान में 55 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ, तीन से भरवाया गया माफीनामा
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। मिशन शक्ति अभियान के तहत एंटी रोमियो स्क्वाड पुलिस टीम ने शनिवार को जनपद के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक बस्ती के आदेश एवं अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मनचलों एवं शोहदों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई।
एंटी रोमियो स्क्वाड की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक शाइस्ता के नेतृत्व में टीम ने थाना वाल्टरगंज क्षेत्र के लिटिल फ्लावर स्कूल, नारंग इंटर कॉलेज, वाल्टरगंज बाजार, सल्टौआ, मनौरी चौराहा, कस्बा वाल्टरगंज, रेलवे स्टेशन गोविंदनगर सहित कोचिंग सेंटरों के आसपास तथा प्रमुख सड़कों और चौराहों पर चेकिंग की।
इस दौरान महिला दुकानदारों एवं महिलाओं से बाजारों और चौराहों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले शोहदों के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस टीम ने महिलाओं की समस्याएं भी सुनीं और उनके निस्तारण की कार्रवाई की। अभियान के दौरान अनावश्यक रूप से घूम रहे करीब 55 व्यक्तियों से पूछताछ की गई, जबकि 03 मनचलों से माफीनामा भरवाया गया।
पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों और शोहदों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
अभियान में एंटी रोमियो स्क्वाड की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक शाइस्ता तथा महिला आरक्षी रश्मि सिंह शामिल रहीं।