गांधी-शास्त्री जयंती पर जिलेभर में गूंजा सत्य, अहिंसा और सादगी का संदेश

गांधी-शास्त्री जयंती पर जिलेभर में गूंजा सत्य, अहिंसा और सादगी का संदेश

 

लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को पूरे जिले में समारोहपूर्वक मनाई गई। सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, राष्ट्रगान हुआ तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई गई। विभिन्न स्थानों पर दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।

 

मंडलायुक्त कार्यालय में हुआ आयोजन

 

मंडलायुक्त कार्यालय में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने राष्ट्रध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और सभागार में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। मंडलायुक्त ने कहा कि दोनों महापुरुषों का व्यक्तित्व एवं कृतित्व सादगीपूर्ण रहा। उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

 

अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि दोनों महापुरुषों ने देश की जटिल परिस्थितियों को समझते हुए स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके विचार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण की प्रेरणा देते हैं। अपर आयुक्त न्यायिक सुरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि गांधी जी और शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन जनमानस के लिए प्रेरणास्रोत रहा।

 

संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने कहा कि सत्य और अहिंसा गांधी जी के प्रमुख अस्त्र थे। उन्होंने कहा कि अपने दायित्वों का सत्यनिष्ठा से निर्वहन करना ही महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

 

इस अवसर पर सरस्वती बालिका विद्यालय रामबाग की संगीत शिक्षिका पंखुड़ी मिश्रा के निर्देशन में छात्राओं अर्पिता, अदिति एवं रक्षिता ने गांधी जी का प्रिय भजन प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन जीतेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने किया।

 

कलेक्ट्रेट में डीएम ने दिलाया एकता का संकल्प

 

कलेक्ट्रेट में महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने ध्वजारोहण किया। सामूहिक राष्ट्रगान के बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी ने गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

 

गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सत्य, अहिंसा और सेवा के गांधीवादी विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आमजन की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उच्च पद पर रहने के बावजूद जीवन में सादगी बनाए रखना चाहिए और महापुरुषों के विचारों का चिंतन कर उन्हें अपने आचरण में उतारना चाहिए।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि विविधता में एकता स्थापित करना हमारा उद्देश्य होना चाहिए। गांधी जी का पूरा जीवन सत्य, अहिंसा और सादगी की मिसाल है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। समाज में स्वच्छता, समानता और सौहार्द स्थापित करना ही गांधी जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

 

इसके बाद जिलाधिकारी ने गांधी कला भवन पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा परिसर में आम का पौधा रोपित किया। जीआईसी की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत कर उपहार भेंट किए।

 

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती सहित अन्य अधिकारियों ने महात्मा गांधी के सत्याग्रह एवं उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन मो. काजी अनवार हुसैन ने किया।

 

इस दौरान उपश्रमायुक्त रचना केशरवानी, निरीक्षक राजकीय कार्यालय अश्वनी कन्नौजिया, प्रशासनिक अधिकारी संतोष पाण्डेय सहित अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।