गांधी-शास्त्री जयंती पर देवमी विद्यालय में निकली प्रभात फेरी, स्वच्छता अभियान के साथ हुई प्रतियोगिताएं

गांधी-शास्त्री जयंती पर देवमी विद्यालय में निकली प्रभात फेरी, स्वच्छता अभियान के साथ हुई प्रतियोगिताएं

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय देवमी में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा निकाली गई प्रभात फेरी से हुई। देवमी-बघाड़ी होते हुए प्रभात फेरी विद्यालय परिसर में वापस पहुंची। इस दौरान बच्चे ‘वीर तुम बढ़े चलो, धीर तुम बढ़े चलो’, ‘महात्मा गांधी अमर रहें’, ‘लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें’ और ‘डॉ. भीमराव आंबेडकर अमर रहें’ जैसे नारे लगाते रहे।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक मुहम्मद इकबाल ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। प्रधानाध्यापक ने बच्चों को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। प्रबंध समिति अध्यक्ष रंजना देवी एवं प्रधानाध्यापक मुहम्मद इकबाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां सरस्वती, महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए। बच्चों ने रामधुन भी प्रस्तुत की।

प्रधानाध्यापक मुहम्मद इकबाल एवं शिक्षक कमलेश्वर प्रसाद ने छात्र-छात्राओं को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

इस अवसर पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पूर्व माध्यमिक वर्ग में कक्षा आठ की अर्पिता ने प्रथम, कक्षा सात की निधि ने द्वितीय और शीतल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राथमिक वर्ग में कक्षा पांच के अभय ने प्रथम, कक्षा चार की अंजली ने द्वितीय और कक्षा तीन के माता प्रसाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान कबड्डी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। पूर्व बीईओ अरुण कुमार पाण्डेय ने बालिकाओं से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, विद्यालय के समस्त स्टाफ, प्रबंध समिति के सदस्यों और उपस्थित अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रबंध समिति अध्यक्ष रंजना देवी के नेतृत्व में विद्यालय परिसर की साफ-सफाई की गई।

प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान पूर्व बीईओ अरुण कुमार पाण्डेय, प्रबंध समिति अध्यक्ष रंजना देवी, प्रधानाध्यापक मुहम्मद इकबाल, विनोद कुमार, कमलेश्वर प्रसाद, अनुपम, बीना चौधरी, रजनीश कुमार पाण्डेय, विनय कुमार शर्मा, सुनीता यादव, सुनीता चौधरी, आशा, मीरा, मालती, जय प्रकाश प्रजापति, मिथलेश, नंदनी, सावित्री देवी सहित प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक और अन्य लोग मौजूद रहे।