वृद्धजनों का सम्मान हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा : देवेन्द्र कुमार
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वरिष्ठ कल्याण समिति द्वारा वृद्धा आश्रम में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री देवेन्द्र कुमार ने कहा कि माता-पिता एवं वृद्धजनों की उपेक्षा हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं है। भारतीय संस्कृति में गुरु एवं माता-पिता का स्थान सर्वोच्च माना गया है।
उन्होंने वृद्धजनों की उपेक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान पीढ़ी को बुजुर्गों का सम्मान करना चाहिए तथा उनके उचित भरण-पोषण और आवश्यक सहायता का ध्यान रखना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सचिव श्री देवेन्द्र कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों, कमिश्नर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ओम प्रकाश मिश्रा, वर्तमान अध्यक्ष श्याम प्रकाश मिश्रा सहित अन्य वृद्धजनों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर चिकित्सक डा. बी.के. वर्मा ने मुख्य अतिथि सचिव श्री देवेन्द्र कुमार का स्वागत किया। समिति के अध्यक्ष श्री त्रिभुवन प्रसाद मिश्र ने भी मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र प्रदान कर स्वागत किया। चीफ डिफेन्स काउंसिल श्री कौशल किशोर श्रीवास्तव ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संचालित निःशुल्क विधिक सेवाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी।
समारोह में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों के साथ गणमान्य लोग उपस्थित रहे।