सरायरासी से उठी आस्था की हुंकार, पिंडदान से जगन्नाथ धाम तक वीरेंद्र सिंह की धार्मिक यात्रा; हजारों लोगों ने दी विदाई

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। जिले के सरायरासी क्षेत्र में गुरुवार को आस्था, परंपरा और धार्मिक श्रद्धा का एक अनूठा संगम देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके को भक्तिमय बना दिया। सरायरासी गांव निवासी वीरेंद्र सिंह (पुत्र स्व. सूर्य नारायण सिंह) ने अपने परिवार के साथ चारों धाम एवं जगन्नाथ पुरी यात्रा के लिए प्रस्थान किया। उनके इस धार्मिक सफर पर रवाना होने से पहले क्षेत्र में भव्य अनुष्ठान व विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में ग्रामवासी और गणमान्य लोग शामिल हुए।
काली माता मंदिर में किया प्रथम पिंडदान सनातन परंपरा के अनुसार यात्रा की शुरुआत करते हुए वीरेंद्र सिंह ने सरायरासी स्थित ऐतिहासिक काली माता मंदिर में प्रथम पिंडदान किया। इसके पश्चात वे भरतकुंड और प्रयागराज में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करते हुए चारों धाम और जगन्नाथ धाम की पवित्र यात्रा के लिए आगे बढ़े। इस पावन धार्मिक यात्रा में उनकी पत्नी दिल्ला देवी तथा उनके तीनों पुत्र—विपुल सिंह, सौरभ सिंह और वैभव सिंह भी उनके साथ हैं। जनसैलाब उमड़ा, घर-घर जाकर लिया आशीर्वाद धार्मिक अनुष्ठान के दौरान सरायरासी में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने वीरेंद्र सिंह और उनके परिवार को माल्यार्पण कर अभिनंदन किया और उनकी यात्रा के सफल एवं मंगलमय होने की कामना की। इस दौरान आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए जलपान और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई थी। अनुष्ठान के उपरांत वीरेंद्र सिंह ने गांव के घर-घर जाकर अक्षत छींटते हुए सभी से आशीर्वाद लिया, जिससे पूरे गांव में एक बेहद भावुक और आध्यात्मिक वातावरण छा गया।
प्रमुख हस्तियों की रही गरिमामयी उपस्थिति इस अवसर पर भाजपा महानगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष स्वाति सिंह, सुदामा देवी, मालती सिंह, जिला पंचायत सदस्य अंकुर सिंह, शिव सिंह, अज्जू सिंह, देव नारायण सिंह, शीतला प्रसाद सिंह, वीरेंद्र सिंह, प्रधान प्रतिनिधि डॉ. शिव बक्स सिंह, रणधीर सिंह और लल्ला समेत हजारों ग्रामीण उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी व वरिष्ठ पत्रकार डॉ. तेज बहादुर सिंह ने भी माल्यार्पण कर शुभकामनाएं दीं और सरायरासी के उन वीर पूर्वजों के इतिहास को याद किया जिन्होंने मुगलों के विरुद्ध संघर्ष में अपने प्राणों का बलिदान दिया था।
मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा महानगर महिला मोर्चा की अध्यक्ष स्वाति सिंह ने कहा कि यह पूरे ग्रामवासियों के लिए गर्व और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से संपन्न होने के बावजूद सबको ऐसा धार्मिक अवसर नहीं मिलता, इसलिए यह यात्रा अत्यंत पुण्यदायी है। अंत में वीरेंद्र सिंह, उनके पुत्र विपुल सिंह और प्रधान प्रतिनिधि ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। सरायरासी से निकली यह यात्रा केवल एक परिवार का धार्मिक प्रवास नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा, पूर्वजों की स्मृति और सनातन संस्कृति से जुड़े अगाध विश्वास का एक जीवंत प्रतीक बन गई है।