सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में AI के भविष्य पर गूंजी छात्रों की बुलंद आवाज
स्पीच डिबेट में सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों ने दिखाया प्रतिभा का दम
सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मंच पर छात्रों ने दिखाई बौद्धिक प्रतिभा
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खलीलाबाद में विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और समसामयिक विषयों की समझ को मंच प्रदान करते हुए स्पीच एवं डिबेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य विषय ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सकारात्मक एवं नकारात्मक परिणाम’ रहा। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और बेबाकी के साथ अपने विचार रखते हुए AI की उपयोगिता, संभावनाओं और उससे जुड़ी चुनौतियों पर प्रभावी तर्क प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, निदेशिका सविता चतुर्वेदी एवं प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने मां सरस्वती तथा स्वर्गीय पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न हाउस के छात्र-छात्राओं ने AI के बढ़ते प्रभाव, शिक्षा, रोजगार, तकनीकी विकास और दैनिक जीवन में इसकी भूमिका पर अपने विचार रखे। छात्रों ने तथ्यों और तर्कों के साथ अपनी बात रखते हुए अपनी वाकपटुता, आत्मविश्वास और तार्किक क्षमता का परिचय दिया। मंच पर हुई जोरदार बहस ने उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का ध्यान आकर्षित किया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद येलो हाउस ने प्रथम स्थान हासिल किया। रेड हाउस द्वितीय, ग्रीन हाउस तृतीय तथा ब्लू हाउस चतुर्थ स्थान पर रहा। प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, तार्किक सोच, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी अभिव्यक्ति का विकास करती हैं। AI जैसे समसामयिक विषय पर विद्यार्थियों को अपने विचार रखने का अवसर देना उन्हें तकनीक के बदलते दौर को समझने और उसके प्रभावों पर चिंतन करने के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम का सफल संचालन शरद त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक अशोक चौबे, नितेश द्विवेदी, आरती चौधरी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।