पीड़ित परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ा हुआ चतुर्वेदी परिवार, ब्रह्मानंद के परिजनों को दी एक लाख की मदद

पीड़ित परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ा हुआ चतुर्वेदी परिवार, ब्रह्मानंद के परिजनों को दी एक लाख की मदद

 

जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव के निधन से शोक में डूबा गोसाईपुर, डॉ. उदय प्रताप और राकेश चतुर्वेदी ने पहुंचकर बंधाया ढांढस

 

चतुर्वेदी बंधुओं ने कहा—न्याय की लड़ाई से लेकर हर सामाजिक, कानूनी और आर्थिक मदद में परिवार के साथ रहेंगे

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। कोतवाली थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव में जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की हुई निर्मम हत्या से पूरा क्षेत्र गम और आक्रोश में है। घटना के बाद से शोकाकुल परिवार कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है। ऐसे दुख की घड़ी में सूर्या ग्रुप के एमडी एवं समाजसेवी डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी और उनके छोटे भाई पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हुए हैं।

 

चतुर्वेदी बंधु दिवंगत पहलवान ब्रह्मानंद यादव के गोसाईपुर स्थित पैतृक आवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान चतुर्वेदी परिवार की ओर से पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की गई। आर्थिक सहयोग मिलने पर परिजनों ने इस कठिन समय में साथ खड़े होने के लिए चतुर्वेदी परिवार के प्रति आभार जताया।

डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि पहलवान ब्रह्मानंद यादव जनपद का गौरव थे। उनके साथ हुई घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और इस मुश्किल समय में उन्हें संबल देने के लिए हर संभव सामाजिक, कानूनी और आर्थिक सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चतुर्वेदी परिवार पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ेगा और आगे भी जरूरत के समय हरसंभव मदद के लिए उनके साथ खड़ा रहेगा।

 

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रशासक बलिराम यादव समेत क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग दोहराई।