शिक्षा की गुणवत्ता से डिजिटल संसाधनों तक, प्रधानाध्यापकों की बैठक में मंथन

शिक्षा की गुणवत्ता से डिजिटल संसाधनों तक, प्रधानाध्यापकों की बैठक में मंथन

– विद्यालयों में योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें – विजय आनंद

बस्ती। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को ब्रह्मदेव इंद्रमती त्रिपाठी महिला पीजी कॉलेज, थाना खास हर्रैया में प्रधानाध्यापकों की मासिक बैठक हुई। खंड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद के नेतृत्व में हुई बैठक में विद्यालयों में निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को हासिल करने के साथ शिक्षण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में निपुण भारत मिशन एवं गुणवत्ता शिक्षा संवर्धन को लेकर प्रधानाध्यापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। शिक्षण कार्य में संदर्शिका और टीएलएम के प्रभावी उपयोग तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए कैचअप शिक्षण को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया। बीईओ ने निपुण तालिका पर विद्यार्थियों की प्रगति का नियमित अंकन करने और निपुण प्लस एप के माध्यम से नियमित आकलन सुनिश्चित करने को कहा। विद्यालयों में विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति के साथ उनके समग्र विकास पर भी चर्चा हुई। समग्र प्रगति पत्र को अद्यतन रखने तथा प्री-प्राइमरी शिक्षा को निर्धारित गतिविधियों के माध्यम से प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। प्रधानाध्यापकों से कहा गया कि बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुरूप शिक्षण गतिविधियों को व्यवस्थित किया जाए, जिससे कक्षा शिक्षण अधिक प्रभावी हो सके। बैठक में डिजिटल संसाधनों के उपयोग पर भी विशेष जोर रहा। विद्यालयों में उपलब्ध आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास और डिजिटल लाइब्रेरी का नियमित एवं शैक्षिक उपयोग सुनिश्चित करने के साथ डिजिटल रजिस्टर को अद्यतन रखने पर चर्चा हुई। सामुदायिक सहभागिता बढ़ाकर अभिभावकों को विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों से जोड़ने पर भी बल दिया गया। इसके अलावा मध्यान भोजन योजना, ऑपरेशन कायाकल्प, बालिका शिक्षा, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीबीवी), समावेशी शिक्षा तथा विद्यालयों की वित्तीय प्रगति समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। प्रधानाध्यापकों को योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एआरपी मनोज कुमार मिश्र, रवीश कुमार मिश्र, राजीव शुक्ल और काशीराम वर्मा, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राम सागर वर्मा एवं मंत्री राम पियारे सहित खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के स्टॉफ और ब्लॉक के प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।