मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का हुआ शुभारंभ, किसानों को मिलेगा छह लाख तक दीर्घकालिक ऋण

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का हुआ शुभारंभ, किसानों को मिलेगा छह लाख तक दीर्घकालिक ऋण

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना, भारत टैक्सी एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं के शुभारंभ कार्यक्रम का बुधवार को अटल बिहारी प्रेक्षागृह में लाइव प्रसारण किया गया। जिलाधिकारी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक बस्ती सदर दयाराम चौधरी सहित जनप्रतिनिधि, सहकारी विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से किसानों को 6 प्रतिशत ब्याज दर पर छह लाख रुपये तक दीर्घकालिक ऋण उपलब्ध कराने की योजना का शुभारंभ किया। इसके साथ ही सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा शुरू की गई देश की पहली सहकारी आधारित ‘भारत टैक्सी’ सेवा का भी शुभारंभ किया गया। इस सेवा के चालकों को पांच लाख रुपये तक की बीमा सुरक्षा दिए जाने की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री ने किसानों को बी-पैक्स के माध्यम से उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए ‘उर्वरक सेतु ऐप’ का भी शुभारंभ किया। साथ ही प्रदेश में कार्यरत बी-पैक्स की ब्याजमुक्त ऋण सीमा 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये किए जाने की घोषणा की।

इस अवसर पर पं. सरोज मिश्रा, हरीश सिंह, यशकांत सिंह, पवन कसौधन, श्रीमती रोली सिंह, राजेंद्र नाथ तिवारी, रामबचन राम, रवि शंकर, राहुल रोज सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बस्ती जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र नाथ तिवारी ने अतिथियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया।