किसानों की खेती आसान बनाने की पहल, दशहरे पर 10 ट्रैक्टर खरीदेंगे मनीष मिश्रा
निःशुल्क जुताई से जरूरतमंद किसानों को मिलेगा लाभ, आधुनिक कृषि अपनाने का आह्वान
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी मनीष मिश्रा ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। उन्होंने दशहरे के अवसर पर 10 ट्रैक्टर खरीदकर जरूरतमंद किसानों के खेतों की निःशुल्क जुताई कराने की बात कही। इस पहल का उद्देश्य किसानों की खेती की लागत कम करने के साथ कृषि कार्यों में उन्हें प्रत्यक्ष सहयोग उपलब्ध कराना है।
मनीष मिश्रा ने कहा कि किसानों की खुशहाली से ही गांवों और जनपद की आर्थिक प्रगति मजबूत हो सकती है। उन्होंने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उनका कहना है कि आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों के प्रयोग से कृषि उत्पादन बढ़ाने तथा किसानों की आय में वृद्धि की संभावनाएं मजबूत होंगी।
उन्होंने कहा कि समाजसेवा का दायरा किसी जाति, वर्ग या समुदाय तक सीमित नहीं होना चाहिए। जनपद के विकास के लिए सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जात-पात की राजनीति से ऊपर उठकर जनहित और विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
मनीष मिश्रा ने किसानों के साथ युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के हित में लगातार कार्य करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही विकास को नई दिशा दी जा सकती है। किसानों के लिए 10 ट्रैक्टर उपलब्ध कराने की घोषणा को उन्होंने सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में एक सार्थक कदम बताया।