सम्पूर्ण समाधान दिवस में 81 शिकायतें, छह का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस में 81 शिकायतें, छह का मौके पर निस्तारण

लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

बस्ती। सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन शनिवार को तहसील बस्ती सदर में जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में हुआ। जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को एक-एक कर सुना और मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए तथा आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों से संबंधित मामलों का तत्परता और नियमानुसार निस्तारण कराया जाए।

उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 81 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें छह मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग से 20, पुलिस विभाग से 15, पूर्ति विभाग से 20, विद्युत विभाग से तीन, चकबंदी विभाग से तीन तथा अन्य विभागों से संबंधित 20 मामले शामिल रहे।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप कृषि निदेशक अशोक कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, डीएचओ अरुण त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।