ब्लैकमेलिंग कर 5.20 लाख रुपये वसूलने का आरोपी गिरफ्तार, ढाई लाख नकद समेत बाइक, एसी व टीवी बरामद

ब्लैकमेलिंग कर 5.20 लाख रुपये वसूलने का आरोपी गिरफ्तार, ढाई लाख नकद समेत बाइक, एसी व टीवी बरामद

 

बहराइच, 18 सितंबर। दरगाह शरीफ थाना पुलिस ने ब्लैकमेलिंग कर जबरन वसूली और रंगदारी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2.50 लाख रुपये नकद, वसूली की धनराशि से खरीदी गई एचएफ डीलक्स प्लस मोटरसाइकिल, डैकिन एसी और सैमसंग एलईडी टीवी बरामद किया है। आरोपी के दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं, जिनमें आपत्तिजनक फोटो पाए जाने की बात पुलिस ने बताई है।

 

पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को पीड़ित ने थाना दरगाह शरीफ में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि हिमांशु तायल उर्फ शमी ने उसकी पत्नी का वजन कम करने की बात कहकर उसके आपत्तिजनक फोटो प्राप्त कर लिए। इसके बाद फोटो वायरल करने और उसके बेटे को जान से मारने की धमकी देकर उसकी पत्नी से कुल 5.20 लाख रुपये की धनराशि वसूल की गई। आरोपित द्वारा 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग किए जाने की भी शिकायत की गई थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी और वसूली गई धनराशि की बरामदगी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह और क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्र के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अमितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 17 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्टेशन बहराइच के पास से हिमांशु तायल को गिरफ्तार किया।

 

गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से एक लाख रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके घर से 1.50 लाख रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा वसूली गई धनराशि से खरीदी गई एचएफ डीलक्स प्लस मोटरसाइकिल, डैकिन 1.5 टन 3-स्टार इन्वर्टर एसी और सैमसंग एलईडी टीवी बिल सहित बरामद किया गया।

 

पुलिस के मुताबिक आरोपी हिमांशु तायल के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट तथा चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय बहराइच भेजा जा रहा है।

 

गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष अमितेन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक चन्द्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक पंकज चौरसिया, हेड कांस्टेबल मृत्युंजय, हेड कांस्टेबल अंगद राय और कांस्टेबल विवेक यादव शामिल रहे।