नील मणि के नेतृत्व में रक्तदान शिविर, दर्जनों युवाओं ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा का संकल्प, चार दर्जन से अधिक युवाओं ने बढ़ाया मदद का हाथ
नील मणि ने खुद रक्तदान कर किया शिविर का शुभारंभ, युवाओं के उत्साह की सराहना
जितेंद्र पाठक
संत कबीर नगर धनघटा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की ओर से विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में धनघटा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं भाजपा नेता नील मणि के नेतृत्व में हैसर बाजार स्थित धनघटा नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चार दर्जन से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक स्वेच्छा से रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ नील मणि ने स्वयं रक्तदान करके किया। इसके बाद बड़ी संख्या में युवाओं ने आगे बढ़कर रक्तदान किया। युवाओं ने रक्तदान को मानव सेवा से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा संकल्प के रूप में मनाया।
इस अवसर पर नील मणि ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर रक्तदान जैसे सेवा कार्य के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद की जा सकती है। किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए समय पर मिला रक्त जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले सभी युवाओं के प्रति आभार जताते हुए कहा कि युवाओं की भागीदारी से सेवा और जनकल्याण का संदेश समाज के बीच पहुंचता है। रक्तदान के प्रति युवाओं में दिखाई दिया उत्साह सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी जिम्मेदारी को भी दर्शाता है।
कार्यक्रम में डा. मनोज शुक्ला, उत्तम चौधरी, जेपी यादव, अरविंद कुमार, श्रीकांत, शैलेन्द्र कुमार, प्रदीप सैनी, राजेश चतुर्वेदी, अवधेश उपाध्याय, अटल पांडे, अनिल कुमार, अविनाश मणि, आकाश सहित तमाम लोग मौजूद रहे।