निजी वाहनों की वार्षिक फिटनेस की अनिवार्यता समाप्त, 3481 वाहन स्वामियों को राहत
लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के नवीन कार्यालय आदेश के क्रम में ड्राइवर को छोड़कर छह सीट से अधिक क्षमता वाले निजी वाहनों को हर वर्ष फिटनेस कराने की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। इस संबंध में 15 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया गया है। निर्णय से बस्ती मंडल के तीनों जनपदों में पंजीकृत 3481 निजी वाहन स्वामियों को राहत मिलेगी।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) फरीदउद्दीन ने बताया कि नवीन आदेश के तहत अब संबंधित निजी वाहन स्वामियों को प्रत्येक वर्ष फिटनेस कराने के लिए परिवहन कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इससे उनके समय और धन की बचत होगी तथा परिवहन विभाग से जुड़ी प्रक्रियाएं भी सरल होंगी।
उन्होंने बताया कि जनपदवार बस्ती में 1737, सिद्धार्थनगर में 685 तथा संतकबीरनगर में 1058 निजी वाहन इस श्रेणी में पंजीकृत हैं। इन वाहनों के स्वामी नए आदेश से लाभान्वित होंगे।
परिवहन विभाग के अनुसार यह निर्णय केवल निजी वाहनों पर लागू होगा। छह सीट से अधिक क्षमता वाले ऐसे निजी वाहनों के स्वामियों के लिए वार्षिक फिटनेस की प्रक्रिया समाप्त किए जाने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।