अयोध्या धाम में संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह राजेश कुमार श्रीवास्तव ‘साहित्य भूषण-सम्मान’ से अलंकृत

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम, उत्तर प्रदेश हिंदी प्रचार-प्रसार सेवा संस्थान (रजि. नं. – 1594, स्थापित वर्ष – 2005) के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय रामायण एवं वैदिक शोध संस्थान, तुलसी स्मारक भवन (रानी बाजार चौराहा, अयोध्या धाम) में एक भव्य संगोष्ठी एवं सम्मान-समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी समारोह में चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए राजेश कुमार श्रीवास्तव को ‘साहित्य भूषण-सम्मान’ से अलंकृत किया गया। समारोह के दौरान संस्थान के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अशोक सम्राट ने श्रीवास्तव को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने राजेश श्रीवास्तव की विद्वत्ता और समाज के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी हिंदी भाषा को राष्ट्रभाषा एवं वैश्विक संपर्क भाषा के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
संस्थान के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि राजेश कुमार श्रीवास्तव मातृभूमि, मातृभाषा और स्व-संस्कृति के सच्चे उपासक होने के साथ-साथ हिंदी साहित्य के निष्ठावान पोषक और साझी संस्कृति के समर्पित साधक हैं। कार्यक्रम के आयोजकों के अनुसार, संस्थान का मुख्यालय श्रृंगारहाट अयोध्या धाम (निकट-मौर्य होम्पो हॉस्पिटल) में स्थित है। इस संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह में अयोध्या धाम के कई प्रतिष्ठित साहित्यकार, शिक्षाविद, बुद्धिजीवी और बड़ी संख्या में भाषा प्रेमी उपस्थित रहे।