हिन्दी दिवस पर प्रेस क्लब बस्ती में विचार गोष्ठी एवं सारस्वत समारोह 14 को
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । हिन्दी दिवस के अवसर पर पूर्वांचल साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विकास संस्थान, बस्ती के तत्वावधान में आगामी 14 सितम्बर 2026 को दिन में 11 बजे प्रेस क्लब बस्ती सभागार में विचार गोष्ठी एवं सारस्वत समारोह का आयोजन किया गया है। समारोह में हिन्दी भाषा के महत्व, उसकी वर्तमान स्थिति, साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में उसके योगदान तथा हिन्दी के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजीव त्यागी (आईपीएस), पुलिस उपमहानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र, बस्ती होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ पत्रकार जयंत मिश्र तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. वी.के. वर्मा रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार कृष्णदेव मिश्र करेंगे।
संस्थान के अध्यक्ष महेन्द्र तिवारी ने बताया कि हिन्दी दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य हिन्दी भाषा और साहित्य के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ ही साहित्यकारों, पत्रकारों एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को एक मंच पर लाना है। उन्होंने कहा कि हिन्दी केवल संवाद का माध्यम ही नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सरोकारों और भावनात्मक एकता को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण भाषा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हिन्दी के प्रति नई पीढ़ी में रुचि एवं सम्मान की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि समारोह में संस्थान के निदेशक डॉ. विनोद कुमार उपाध्याय तथा सचिव अनुराग श्रीवास्तव सहित साहित्य एवं पत्रकारिता से जुड़े अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में आगंतुक अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत राघवेन्द्र प्रताप मिश्र (पट्टू बाबा), रमेश चंद्र मिश्र एवं दिनेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य पत्रकारगण द्वारा किया जाएगा।
संस्थान के अध्यक्ष महेन्द्र तिवारी ने सभी पत्रकार बंधुओं, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों एवं हिन्दी प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर समारोह को सफल बनाने की अपील की है।