गोवध की गंभीर घटना पर एसपी संदीप कुमार मीणा का कड़ा एक्शन, उपनिरीक्षक और आरक्षी निलंबित

गोवध की गंभीर घटना पर एसपी संदीप कुमार मीणा का कड़ा एक्शन, उपनिरीक्षक और आरक्षी निलंबित

 

कर्तव्य में घोर लापरवाही और उदासीनता पर धनघटा क्षेत्र के पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई,

 

एसपी ने दिया सख्त संदेश—अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। अपराध नियंत्रण, अपराधियों की सतत निगरानी, प्रभावी बीट पुलिसिंग और संवेदनशील प्रकृति के अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीणा ने कड़ा रुख अपनाया है। थाना धनघटा क्षेत्र के संबंधित चौकी क्षेत्र में गोवध जैसी गंभीर घटना घटित होने के मामले में कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

 

प्रकरण में उपनिरीक्षक वीर बहादुर यादव तथा आरक्षी प्रवीण कुमार, थाना धनघटा, जनपद संतकबीरनगर को कर्तव्यों के निर्वहन में घोर लापरवाही, उदासीनता एवं स्वेच्छाचारिता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

 

निलंबन आदेश में स्पष्ट किया गया है कि शासन एवं उच्चाधिकारियों की ओर से अपराध नियंत्रण, अपराधियों की सतत निगरानी, बीट व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा संवेदनशील प्रकृति के अपराधों की रोकथाम के लिए समय-समय पर स्पष्ट एवं कड़े निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित चौकी क्षेत्र में गोवध जैसी गंभीर घटना का घटित होना पुलिसकर्मियों के कर्तव्य निर्वहन में गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता को परिलक्षित करता है।

 

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को अपने क्षेत्र में अपराधियों की निगरानी, बीट व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने और संवेदनशील घटनाओं की रोकथाम के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ कार्य करना होगा।

 

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को पुलिस महकमे में जिम्मेदारी और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

निलंबन अवधि में वीर बहादुर यादव और प्रवीण कुमार पुलिस लाइन, संतकबीरनगर से संबद्ध रहेंगे। दोनों पुलिसकर्मी सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही भी नियमानुसार प्रचलित की जाएगी।

 

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा की इस कार्रवाई से पुलिसकर्मियों में स्पष्ट संदेश गया है कि संवेदनशील अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही भारी पड़ेगी।

 

एसपी का स्पष्ट संदेश—अपराध नियंत्रण में लापरवाही नहीं, जिम्मेदारी में शिथिलता नहीं।