भटपुरवा में वालीबाल का रोमांच, 22 टीमों ने दिखाया दमखम

भटपुरवा में वालीबाल का रोमांच, 22 टीमों ने दिखाया दमखम

जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, मंडलीय टीम के लिए खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया शुरू; डीआईओएस संजय सिंह ने बढ़ाया उत्साह

बस्ती। रामदास उदयप्रताप औद्योगिक इंटर कॉलेज भटपुरवा, चिलमा में जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय वालीबाल प्रतियोगिता का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों की कुल 22 टीमों ने प्रतिभाग किया। मैदान पर खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह तथा विशिष्ट अतिथि विद्यालय के प्रबंधक रामशिरोमणि चौधरी ने किया। डीआईओएस संजय सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत, लगन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य विद्याधर वर्मा ने दूर-दराज से आए खिलाड़ियों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों एवं अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले विद्यालय परिवार और आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

बेलाड़ी ने जीता उद्घाटन मुकाबला

प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच गन्ना विकास इंटर कॉलेज मुंडेरवा और कृषक इंटर कॉलेज बेलाड़ी के बीच हुआ। बेलाड़ी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंडेरवा को लगातार दो सेटों में 15-7, 15-7 से हराकर उद्घाटन मुकाबला अपने नाम किया। शुरुआत से ही बेलाड़ी के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया और बेहतरीन तालमेल के साथ दोनों सेटों में अपना दबदबा बनाए रखा।

इन टीमों ने मारी बाजी

प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। सीनियर बालिका वर्ग में नेशनल इंटर कॉलेज हर्रैया ने प्रथम तथा राजकीय हाईस्कूल पिपराहिया गौर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

सब जूनियर बालक वर्ग में जनता इंटर कॉलेज भादी प्रथम तथा बेसिक वर्ग की टीम द्वितीय रही।

सब जूनियर बालिका वर्ग में आयोजक विद्यालय भटपुरवा की टीम प्रथम तथा जनता इंटर कॉलेज पोखरा बाजार की टीम द्वितीय स्थान पर रही।

जूनियर बालिका वर्ग में आयोजक विद्यालय भटपुरवा ने प्रथम और नेशनल इंटर कॉलेज हर्रैया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

सीनियर बालक वर्ग में श्री महादेव शुक्ल कृषक इंटर कॉलेज गौर प्रथम तथा जनता इंटर कॉलेज भादी द्वितीय रहा।

वहीं जूनियर बालक वर्ग में झिनकू लाल त्रिवेणी राम इंटर कॉलेज कलवारी ने प्रथम और कृषक इंटर कॉलेज बेलाड़ी ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

मंडलीय टीम के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में से मंडल स्तरीय टीम के चयन की जिम्मेदारी प्रभाकर ओझा, संतोष कुमार पांडेय, विवेक श्रीवास्तव, रमेश चंद्र गुप्ता, मनोज कुमार राय, वेद प्रकाश द्विवेदी और विनोद मिश्रा को सौंपी गई है। चयनकर्ता खिलाड़ियों के प्रदर्शन, तकनीक, फिटनेस और खेल कौशल के आधार पर मंडलीय टीम के लिए प्रतिभाओं का चयन करेंगे।

निर्णायक मंडल में सुनील कुमार, दीपक सिंह, पवन मिश्रा, उत्तम सिंह, नीरज कुमार, अरुण कुमार, अखिलेश कुमार वर्मा तथा चंद्रशेखर चौधरी वर्मा ने अपनी भूमिका निभाई।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आयोजक विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक आदित्य प्रताप सिंह का विशेष योगदान रहा। उन्होंने खिलाड़ियों एवं टीमों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के साथ प्रतियोगिता को सुचारु रूप से संचालित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन अजय कुमार वर्मा ने किया।

इस अवसर पर मंडलीय क्रीड़ा सचिव अमित कुमार यादव, थाना अध्यक्ष दुबौलिया जीवन त्रिपाठी, उपनिरीक्षक प्यारेलाल, प्रधानाचार्य आज्ञाराम चौधरी, प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र वर्मा, प्रधानाचार्य कृष्ण देव द्विवेदी, धर्मपाल सिंह और ब्रजभूषण चौधरी , जय प्रकाश चौधरी सहित शिक्षक, शारीरिक शिक्षा शिक्षक, खेलप्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह और शानदार प्रदर्शन ने यह साबित किया कि बस्ती जनपद में वालीबाल की प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित खिलाड़ी आगे मंडलीय स्तर पर बस्ती का प्रतिनिधित्व करेंगे।