वेद प्रचार सप्ताह के प्रथम दिवस यज्ञ और भजनोपदेश से गूंजा कंपनी बाग
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। आर्य समाज नई बाजार बस्ती द्वारा चातुर्मास के अवसर पर आयोजित सात दिवसीय वेद प्रचार सप्ताह का शुभारंभ कंपनी बाग बस्ती में हुआ। कार्यक्रम आचार्य सुरेश जोशी एवं पण्डिता रुक्मिणी जोशी (उत्तराखण्ड) के पावन सानिध्य में संपन्न हुआ। प्रथम दिवस के यज्ञ में ऋचा मनीष सपरिवार यजमान बने।
यज्ञ के उपरांत आचार्य सुरेश जोशी ने कहा कि मनुष्य को कर्म करते हुए सौ वर्षों तक जीने की इच्छा करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि परोपकार का प्रत्येक कर्म यज्ञ के समान है। वेदों में धर्मनीति, समाजनीति, राजनीति, अर्थनीति, शिल्प, कला-कौशल सहित मनुष्य के जन्म से मृत्यु तक के कर्तव्यों का विस्तृत वर्णन मिलता है।
पण्डिता रुक्मिणी जोशी ने भजनोपदेश में कहा कि निराकार परमात्मा को जानने-समझने के लिए साकार का सहारा लेना पड़ता है। उन्होंने योग को जीवन पद्धति के साथ-साथ जीवन का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि इसे अपनाकर व्यक्ति स्वयं आनंदित होने के साथ समाज को भी स्वस्थ, निरोगी और विचारशील बना सकता है। उन्होंने कहा कि वेद किसी एक पंथ, मत या मजहब की उन्नति की बात नहीं करता, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाता है। वेद सार्वदेशिक, सार्वकालिक और सार्वजनिक होने के कारण ईश्वरीय ज्ञान है।
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति मनुष्य से डरता है, वह ईश्वर को सर्वव्यापक मानने के बावजूद भयमुक्त नहीं हो पाता। वहीं जो ईश्वर से डरता है, उसमें अपार आत्मबल होता है और वह किसी से नहीं डरता।
आर्य समाज नई बाजार बस्ती के प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि आर्य समाज का उद्देश्य संसार का उपकार करना तथा शारीरिक, आत्मिक एवं सामाजिक उन्नति करना है। इसी उद्देश्य से वेद प्रचार सप्ताह का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम में वेद कुमार आर्य, सुनीता, वेदांशी आर्य, विनोद उपाध्याय, उपेन्द्र आर्य, ओंकार आर्य, आदित्य आर्य, घनश्याम आर्य, दीपक कुमार पाहवा, नीलम, मनमोहन पाहवा, राघव त्रिपाठी, महिमा आर्य, नितीश कुमार, रवि कुमार, सुदर्शन मेहंदीरत्ता, ज्योति रानी, सविता पाहवा, डिम्पल, संगीता सचदेवा, लक्ष्मी मांगो, गीत ठुकराल, आशीष ठुकराल, उमा मेहंदीरत्ता, राधेश्याम आर्य, आयुषी, मानसी आर्य, देवव्रत आर्य सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।