राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों से भक्तिमय हुआ लिटिल फ्लावर्स स्कूल

राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों से भक्तिमय हुआ लिटिल फ्लावर्स स्कूल

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। लिटिल फ्लावर्स स्कूल मधुपुरम् में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास, भक्ति और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, निदेशक राहुल सिंह एवं निदेशिका अर्पणा सिंह की गरिमा मयी उपस्थिति रही।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने श्रीकृष्ण के जीवन एवं बाल लीलाओं पर आधारित लघुनाटिकाओं, नृत्य, संगीत, अभिनय और आकर्षक झांकियों की प्रस्तुति दी। श्रीकृष्ण जन्म की झांकी ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया, वहीं राधा-कृष्ण एवं गोपियों की रासलीला ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

 

‘कृष्ण-सुदामा प्रसंग’ के माध्यम से सच्ची मित्रता का संदेश दिया गया। इसके अलावा ‘गोवर्धन लीला’, ‘पूतना प्रसंग’, ‘कंस वध’, ‘देवकी-वासुदेव विवाह’ तथा ‘कालिया नाग का मान-मर्दन’ की जीवंत प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम का समापन राधा-कृष्ण की मनमोहक रासलीला से हुआ।

 

विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से ज्ञान, कर्म, योग और अनुशासन की प्रेरणा लेकर जीवन को सफल बनाया जा सकता है। निदेशक राहुल सिंह ने श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों के माध्यम से उनके आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।

 

निदेशिका अर्पणा सिंह ने कहा कि श्रीकृष्ण का व्यक्तित्व प्रेम, करुणा, नीति, ज्ञान और पराक्रम का अद्भुत समन्वय है। एक हाथ में बंसी और दूसरे हाथ में सुदर्शन चक्र उनके व्यक्तित्व के विविध आयामों को दर्शाते हैं। प्रधानाचार्या श्रीमती वंदना सिंह ने कार्यक्रम की सफलता पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए अतिथियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।