गूंच मछली अपने आप में जहरीली नहीं है

बस्ती नेपाल में आई बाढ़ के कारण घाघरा एवं कुआनों नदी सहित विभिन्न नदियों में बाढ़ का पानी आने से कुछ क्षेत्रों में अज्ञात एवं असामान्य मछलियां पाए जाने की सूचना प्राप्त हुई है उक्त जानकारी देते हुए उप निदेशक मत्स्य ने बताया है कि इनमें गूंच/गोइता कैटफिश जैसी प्रजातियां होने की संभावना व्यक्त की जा रही है, जिसकी वैज्ञानिक पहचान विशेषज्ञों द्वारा की जा रही है।
गूंच मछली अपने आप में जहरीली नहीं है तथा इसे नेपाल से आई कोई नई अथवा विदेशी मछली मानना उचित नहीं है। वर्तमान में मुख्य चिंता बाढ़ के पानी से आई अज्ञात मछलियों की खाद्य सुरक्षा को लेकर है। बाढ़ के दौरान मछलियां दूषित पानी, सीवेज, मृत जीवों एवं अन्य प्रदूषकों के संपर्क में आ सकती हैं।
जनसामान्य से अपील है कि बाढ़ के पानी से पकड़ी गई अज्ञात अथवा असामान्य मछलियों की पहचान एवं खाद्य-सुरक्षा संबंधी जांच पूर्ण होने तक उनका क्रय, विक्रय एवं सेवन न करें। सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं एवं अफवाहों पर विश्वास न करें।
मत्स्य विभाग द्वारा स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक वैज्ञानिक एवं खाद्य-सुरक्षा आकलन कराया जा रहा है। जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा है।