आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े पारिश्रमिक की मुख्यमंत्री ने की घोषणा, बस्ती में हुआ सजीव प्रसारण

आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े पारिश्रमिक की मुख्यमंत्री ने की घोषणा, बस्ती में हुआ सजीव प्रसारण

 

 

लवकुश सिंह संवाददाता

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगो का अनावरण किया। इसके साथ ही निगम की वेबसाइट एवं पोर्टल का शुभारंभ किया गया तथा आउटसोर्स कर्मियों के बढ़े हुए पारिश्रमिक की घोषणा की गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को डेमो चेक तथा सफाई कर्मियों को टूल किट एवं अन्य सामग्री का वितरण भी किया गया।

मुख्यमंत्री के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद बस्ती में राजकीय इंटर कॉलेज स्थित बहुउद्देशीय हाल में किया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा अन्य लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार द्वारा श्रमिकों और आउटसोर्स कर्मियों के हित में किए जा रहे प्रयासों तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आउटसोर्स कर्मियों के पारिश्रमिक में वृद्धि से उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार आएगा।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम की वेबसाइट और पोर्टल के शुभारंभ से आउटसोर्स सेवाओं के संचालन में पारदर्शिता एवं सुगमता आएगी। डिजिटल माध्यम से सेवाओं को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और पारदर्शी बनाने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही आउटसोर्स कर्मियों को कैशलेस चिकित्सा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।

बस्ती में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और आउटसोर्स कर्मियों के हित में की गई घोषणाओं की सराहना की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा विभिन्न कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। वहीं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को डेमो चेक और टूल किट वितरित की गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आउटसोर्स कर्मी सरकारी विभागों और विभिन्न संस्थानों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके पारिश्रमिक में वृद्धि तथा सुविधाओं के विस्तार से कर्मचारियों को राहत मिलेगी। वहीं निगम की वेबसाइट एवं पोर्टल शुरू होने से आउटसोर्स व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष नेहा वर्मा, अंकुर वर्मा, जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अंगद गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुप तिवारी, सहायक श्रमायुक्त सचिन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मानवी सिंह ने किया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों और कर्मचारियों से संवाद करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री द्वारा आउटसोर्स कर्मियों के हित में की गई घोषणाओं को महत्वपूर्ण कदम बताया।